संतकबीरनगर। बहरुल उलूम अहले सुन्नत, खलीलाबाद की कालातीत प्रबंध समिति के गठन के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। सहायक रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स, गोरखपुर द्वारा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी डॉ. प्रियंका अवस्थी को निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है। उनके द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार संस्था की नई प्रबंध समिति के चुनाव 14 जुलाई 2026 को संपन्न कराए जाएंगे।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संस्था के नाजिमे-आला, नायब नाजिम, खाजिन, नायब खाजिन, सेक्रेटरी, नायब सेक्रेटरी तथा सदस्य पदों के लिए नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, मतदान, मतगणना और परिणाम घोषणा की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे से नामांकन पत्र वितरित किए जाएंगे, जबकि 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक होगा, जबकि मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू होकर परिणाम घोषित किए जाने तक चलेगी।
निर्वाचन अधिकारी ने सहायक रजिस्ट्रार द्वारा उपलब्ध कराई गई वैध सदस्य सूची में शामिल सभी सदस्यों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, संतकबीरनगर में उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लें। सदस्यों को शपथ-पत्र के साथ कम से कम दो वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
देखा जाय तो यह चुनाव संस्था के प्रशासनिक ढांचे को पुनर्गठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से कालातीत चल रही प्रबंध समिति के स्थान पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से नई कार्यकारिणी का गठन संस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करेगा। हालांकि, निर्वाचन कार्यक्रम में जारी सूचना में कुछ स्थानों पर वर्ष 2026 के स्थान पर 2027 अंकित होने जैसी त्रुटियां भी दिखाई देती हैं। ऐसे में भ्रम की स्थिति से बचने के लिए संबंधित विभाग द्वारा समय रहते संशोधित या स्पष्ट सूचना जारी किया जाना आवश्यक होगा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और विवादरहित ढंग से संपन्न हो सके।

Post a Comment