Top News

जिला जज, डीएम और एसपी ने परखी कारागार की व्यवस्थाएं, बंदियों से किया सीधा संवाद


संतकबीरनगर । जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार को जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह, जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी तथा जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर, बैरकों, अस्पताल, भोजनालय (मेस), कार्यालय तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बंदियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर कारागार प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने कारागार कर्मियों को निर्देशित किया कि जेल के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री किसी भी स्थिति में प्रवेश न कर सके। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, नियमित तलाशी अभियान चलाने तथा सभी प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पूर्ण पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही जेल परिसर एवं बैरकों की साफ-सफाई, बंदियों के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भोजनालय की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता संतोषजनक पाई गई। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं तथा साफ-सफाई की भी समीक्षा की गई और आवश्यक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के निर्देश दिए गए।


इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने जिला कारागार परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। अधिकारियों ने कहा कि हरित वातावरण न केवल पर्यावरण संतुलन के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे कारागार परिसर का वातावरण भी अधिक स्वच्छ और सकारात्मक बनता है।

संयुक्त निरीक्षण के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिला कारागार की सुरक्षा, बंदियों के अधिकारों की रक्षा तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षणों के माध्यम से कारागार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume