संतकबीरनगर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को जनपद में "व्यापारी कल्याण दिवस" का भव्य आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आलोक कुमार ने की, जबकि मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार ने व्यापारियों के सम्मान, करदाताओं की भूमिका और व्यापारिक हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। राज्य कर विभाग के अधिकारियों, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधियों ने इसमें सहभागिता की। इस दौरान भामाशाह के जीवन, त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा पर विस्तृत प्रकाश डाला गया तथा उनके योगदान को व्यापारिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
अपने संबोधन में विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और व्यापार को सरल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जीएसटी व्यवस्था में सुधार, कर प्रणाली को अधिक सरल बनाने तथा मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना सहायता योजना जैसी पहल का उल्लेख करते हुए व्यापारियों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
वहीं विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि दानवीर भामाशाह का राष्ट्रहित में सर्वस्व समर्पण भारतीय इतिहास का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने 'लोकल फॉर वोकल' अभियान को स्थानीय व्यापार के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा व्यापारिक वातावरण को अधिक सुरक्षित एवं अनुकूल बनाने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान राज्य कर विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के उत्कृष्ट करदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। किसान ट्रेडर्स, अवधेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र पाण्डेय, सीवीकेआर इंटरप्राइजेज, अंकित सिंह, नवदुर्गा ट्रेडर्स, वैभव एसोसिएट्स तथा विनोद कुमार रूंगटा सहित कई करदाताओं को जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी के हाथों सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, जबकि महेश मौर्या एवं उनकी टीम ने लोकगायन की सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि दानवीर भामाशाह का त्याग और राष्ट्रप्रेम आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने करदाताओं को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए समय पर कर भुगतान और पारदर्शी व्यापार व्यवस्था को विकास की आधारशिला बताया। राज्य कर विभाग के उपायुक्त राजेश कुमार पाण्डेय ने जीएसटी की ऑनलाइन व्यवस्था और उसके लाभों की जानकारी देते हुए व्यापारियों को डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि करदाताओं का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आर्थिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सार्वजनिक स्वीकृति है। व्यापारी कल्याण दिवस का यह आयोजन व्यापारियों का मनोबल बढ़ाने, कर भुगतान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा सरकार और व्यापारी समाज के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।

Post a Comment