(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह पर संतकबीरनगर पुलिस ने बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई की है। थाना महुली और साइबर क्राइम थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के मुख्य आरोपियों की लगभग ₹1 करोड़ मूल्य की संपत्ति कुर्क की गई है। पुलिस के अनुसार यह धारा 107 बीएनएसएस के तहत जनपद में अब तक की पहली और सबसे बड़ी संपत्ति कुर्की की कार्रवाई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चल रही विवेचना के दौरान यह सामने आया कि मुख्य आरोपी धनंजय शुक्ला (जनपद कुशीनगर) और रजनी प्रजापति (बिलासपुर, छत्तीसगढ़) ने निवेशकों से ठगी कर अर्जित धन से लखनऊ के थाना पारा क्षेत्र स्थित जेबी वैली गार्डन में प्लॉट खरीदा था। लगभग ₹65 लाख में खरीदी गई इस संपत्ति का वर्तमान बाजार मूल्य करीब ₹1 करोड़ आंका गया है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में संपत्ति को कुर्क कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की अवैध संपत्तियों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई जारी है।
मामले की शुरुआत 18 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब महुली थाना क्षेत्र के हटवा गांव निवासी संतलाल मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई कि TVS Solution Company के संचालकों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर उनसे ₹51 लाख लेकर न तो निवेश किया और न ही रकम वापस की। बाद में कार्यालय बंद कर आरोपी फरार हो गए।
जांच के दौरान बैंक रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और डिजिटल डाटा के विश्लेषण से चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार गिरोह ने विभिन्न जनपदों के लोगों से ₹15 से ₹20 करोड़ तक की धनराशि एकत्र की। यह रकम शेयर बाजार में निवेश करने के बजाय पोंजी (Ponzi) और पिरामिड स्कीम के माध्यम से संचालित की जाती थी, जिसमें नए निवेशकों के पैसे से पुराने निवेशकों को भुगतान कर भरोसे का भ्रम बनाए रखा जाता था। इसी लालच में लगातार नए लोगों को जोड़ा जाता रहा और करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।
विवेचना में मुख्य आरोपियों के अलावा कई अन्य सहयोगियों की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज चुकी है। इसके अतिरिक्त सह-आरोपी विक्रांत प्रकाश सिंह की लगभग ₹4 करोड़ मूल्य की संपत्ति भी चिन्हित की जा चुकी है, जिसकी कुर्की के लिए न्यायालय में रिपोर्ट भेजी गई है।
यह कार्रवाई केवल अपराधियों की संपत्ति जब्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन सैकड़ों निवेशकों के लिए भी उम्मीद का संदेश है, जिन्होंने अधिक मुनाफे के लालच में अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी गंवा दी। संतकबीरनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधानिकता की पूरी जांच करें और अवास्तविक मुनाफे के प्रलोभन से सावधान रहें।


Post a Comment