(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद की पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की कवायद लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र ने थाना महुली में अर्दली रूम आयोजित कर थाना स्तर पर संचालित कार्यों की गहन समीक्षा की तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में थाना महुली के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, आईजीआरएस शिकायतों के प्रभावी समाधान, ई-समन एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामील तथा अपराध नियंत्रण की प्रगति का बिंदुवार जायजा लिया।
उन्होंने आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को देखते हुए कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय बनाने तथा बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और पुलिसकर्मियों को संवेदनशील एवं जनहितैषी व्यवहार अपनाने की भी हिदायत दी गई।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ने थाना अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, परिसर की स्वच्छता, अनुशासन, समयपालन और शासकीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने, शासन की प्राथमिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को निष्पक्षता, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य थाना स्तर पर कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाना रहा।

Post a Comment