(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महुली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अन्तरजनपदीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें तथा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरोह के सदस्य विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचने का काम करते थे।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार को मैनसिर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रामचन्द्र गुप्ता निवासी रामपुर थाना खलीलाबाद, प्रियांशु सिंह उर्फ सिंटू निवासी खरवनिया कला थाना महुली तथा कुनाल निवासी इमिलडिहा थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर शामिल हैं। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना महुली में मुकदमा संख्या 302/2026, धारा 317(2), 317(4) एवं 112(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मैनसिर चौराहे के पास कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने देवरिया, लखनऊ और बाराबंकी समेत विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। उनकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की बाइक भी आरओ प्लांट मैनसिर के पास से बरामद की गईं।
बरामद वाहनों में पैशन प्रो, सुपर स्प्लेंडर, पल्सर तथा बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। साथ ही तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बेरोजगारी के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न जिलों में वाहन चोरी करते थे और चोरी की गाड़ियों को बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।
पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य जनपदों से जानकारी जुटा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में महुली थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट सेल और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment