(Report- and edit by-Mohammad Sayeed Pathan)
संत कबीर नगर, 18 जुलाई। जिले में विकास परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के क्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को विकासखंड नाथनगर स्थित गांधी आश्रम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तक सड़क किनारे निर्माणाधीन नाली का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश) से स्वीकृत इस परियोजना की कुल लागत 16.882 लाख रुपये है तथा नाली की कुल स्वीकृत लंबाई 390 मीटर है।
निरीक्षण में पाया गया कि अब तक 250 मीटर ब्रिक वर्क तथा 150 मीटर में प्लास्टर और आरसीसी ढक्कन ढलाई का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष रूप से परीक्षण करते हुए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को जलनिकासी की बेहतर सुविधा शीघ्र उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment