- बेहतर पुलिसिंग के लिए व्यवहार सुधार पर भी बल
(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर पुलिस बल को अनुशासन, शारीरिक दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं जवानों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया और फिटनेस को प्रभावी पुलिसिंग का आधार बताया।
परेड निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारी एवं कर्मचारियों की वर्दी, टर्नआउट, ड्रिल, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित मानकों के अनुरूप वर्दी धारण करें तथा आमजन के साथ विनम्र, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखें। उनके अनुसार पुलिस की सकारात्मक छवि केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने से नहीं, बल्कि अनुशासित कार्यशैली और जनहितैषी व्यवहार से भी बनती है।
निरीक्षण के बाद एसपी ने जवानों के साथ दौड़ लगाई तथा नियमित व्यायाम और शारीरिक फिटनेस के महत्व पर जोर दिया। टोलीवार ड्रिल के माध्यम से उन्होंने समन्वय, एकरूपता और टीम भावना को मजबूत करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, मेस, शस्त्रागार, डायल-112 कार्यालय, यातायात कार्यालय, गणना कार्यालय और बैरकों का निरीक्षण किया। साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गार्ड रजिस्टरों का अवलोकन कर सुरक्षा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी बल दिया।
हालांकि, पुलिस महकमे में फिटनेस और अनुशासन को लेकर ऐसे अभ्यास निश्चित रूप से सकारात्मक पहल हैं, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता का आकलन जनता के अनुभवों से होगा। यदि पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता के साथ थानों पर संवेदनशील व्यवहार, त्वरित कार्रवाई, निष्पक्ष विवेचना और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में भी समान सुधार दिखाई देता है, तभी इस तरह के प्रयास उत्कृष्ट पुलिसिंग के उद्देश्य को पूरी तरह सार्थक कर पाएंगे।

Post a Comment