Top News

Santkabir Nagar News: ₹5.95 लाख की साइबर ठगी, वापस आए सिर्फ ₹19 हजार! पांच मामलों में बाकी रकम का क्या होगा?

 

Review Report by- Mohammad Sayeed Pathan Editor Mission Sandesh 

संतकबीरनगर। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच संतकबीरनगर पुलिस की साइबर टीम ने पांच पीड़ितों को राहत दिलाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार अलग-अलग तरीकों से ठगी का शिकार हुए इन पीड़ितों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए कुल 19,173.02 रुपये की धनराशि वापस कराई गई है। हालांकि, इन पांच मामलों में ठगी गई कुल रकम ₹5.95 लाख से अधिक बताई गई है, जिससे यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि बाकी धनराशि की वापसी में कितनी सफलता मिल पाती है।

पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए कार्रवाई की गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर क्राइम पोर्टल और संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर रकम को होल्ड कराने और वापस दिलाने की प्रक्रिया अपनाई गई।

पुलिस के अनुसार सेमरियावां निवासी रियाज अहमद के मोबाइल को हैक कर कथित तौर पर ₹79,470 की ठगी की गई थी, जिसमें से ₹6,291.31 वापस कराए गए। पचावां निवासी पंकज कुमार यादव को पैसा दोगुना करने का लालच देकर ₹1,71,675 की कथित धोखाधड़ी की गई, जिसमें ₹5,581.71 की वापसी हुई।

इसी तरह पिपराहंकार निवासी अब्दुल मुनफ के मोबाइल को हैक कर ₹98,000 ट्रांसफर किए जाने के मामले में ₹1,800 वापस कराए गए। सालेहपुर निवासी राम दुलारे से फेसबुक पर यूनानी दवा के विज्ञापन के माध्यम से ₹4,000 की ठगी हुई थी, जिसकी पूरी रकम वापस कराए जाने की बात पुलिस ने कही है। वहीं पचावां निवासी बृजेश कुमार यादव से पैसा दोगुना करने का लालच देकर ₹2,41,994 की कथित ठगी के मामले में ₹1,500 वापस कराए गए।

इन आंकड़ों पर नजर डालें तो पांचों मामलों में कथित ठगी की कुल रकम ₹5,95,139 बैठती है, जबकि अब तक ₹19,173.02, यानी करीब 3.2 प्रतिशत रकम ही वापस कराई जा सकी है। ऐसे में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ शेष धनराशि की रिकवरी भी इन मामलों का महत्वपूर्ण पहलू बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि बाकी रकम की वापसी के लिए संबंधित बैंकों और संस्थाओं से लगातार पैरवी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार वापस कराई गई धनराशि संबंधित मामलों में MRM Portal और बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से पीड़ितों के खातों में पहुंचाई गई है। इन मामलों से एक बार फिर स्पष्ट होता है कि साइबर ठगी के बाद शुरुआती समय में की गई शिकायत रकम की रिकवरी में अहम भूमिका निभा सकती है।

साइबर अपराध से बचाव के लिए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। OTP, UPI PIN, ATM/CVV या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh