इतिहास और विरासत को विकास से जोड़ने की पहल: विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा मांग पत्र



(रिपोर्ट सईद पठान)

मेहदावल संतकबीरनगर। जनपद के मेहदावल विधानसभा क्षेत्र में इतिहास और विरासत से जुड़ा एक अहम कदम उठाते हुए विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष आदरणीय सतीश महाना से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने विधानसभा क्षेत्र मेहदावल के गौरव, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व विधायक एवं पूर्व प्रमुख रहे श्रद्धेय पं. लालसा प्रसाद मिश्र जी के पैतृक ग्राम रक्सा कलां के सम्पूर्ण विकास के लिए विस्तृत मांग पत्र सौंपा।

यह मांग पत्र सिर्फ विकास कार्यों की सूची नहीं था, बल्कि उस त्याग, संघर्ष और योगदान की स्मृति को संजोने का प्रयास भी था, जो पं. लालसा प्रसाद मिश्र ने स्वतंत्रता संग्राम और जनसेवा में दिया था। विधायक त्रिपाठी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी महान व्यक्तित्व का सम्मान सिर्फ स्मारक से नहीं, बल्कि उनके पैतृक गांव के वास्तविक और स्थायी विकास से होता है।

मांग पत्र में ग्राम रक्सा को जाने वाली मुख्य सड़क एवं पुल का निर्माण, ग्रामसभा के आंतरिक मार्गों और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, पं. लालसा प्रसाद मिश्र स्मृति प्रवेशद्वार बनाने, बाराखाल तिराहे अथवा अन्य उपयुक्त स्थान पर पं. जी की प्रतिमा स्थापित करने और सम्पूर्ण गांव को विशेष विकास योजना के तहत चौमुखी विकास से जोड़ने की मांग प्रमुख रही।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इस पहल को गंभीरता से लेते हुए पत्र को संज्ञान में लिया और तत्काल कमिश्नर बस्ती को अग्रिम कार्यवाही के निर्देश जारी किए।

इस मुलाकात के बाद क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश गया है कि जब प्रतिनिधि इतिहास और विरासत को विकास से जोड़ते हैं, तो न सिर्फ अतीत का सम्मान होता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा मिलती है। ग्राम रक्सा कलां के लोग अब इस उम्मीद में हैं कि उनके गांव का नाम सिर्फ इतिहास में नहीं, बल्कि विकास की नई इबारत में भी दर्ज होगा।



Comments

Popular posts from this blog

मीडिया में बड़े बदलाव की जरूरत ?:- डॉ अजय कुमार मिश्रा

सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा लगायी गयी प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं पर आधारित, तीन दिवसीय प्रदर्शनी का सीडीओ ने किया समापन

डीएम की अध्यक्षता में किसान दिवस : श्री अन्न की खेती के लिए दिया गया जोर