Edit by-Mohammad Sayeed Pathan
संतकबीरनगर। मगहर स्थित कबीर चौरा समाधि स्थल के पास महिला से मंगलसूत्र झपटने की घटना का संतकबीरनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र मय लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (UP 53 FB 6252) भी बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को असरफाबाद से रसूलपुर जाने वाले ईंट खड़ंजा मार्ग के किनारे स्थित बाग के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार पुत्र विक्रम तथा संजय कुमार पुत्र स्वर्गीय सुमिरन, निवासी देवरिया सूरस, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 25 जून को गोरखपुर जनपद के बांसगांव थाना क्षेत्र के गोड़सरी निवासी सुमन निषाद अपने परिवार के साथ मगहर स्थित कबीर चौरा समाधि स्थल पर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। इसी दौरान शिव मंदिर की ओर जाते समय स्कूटी सवार दो युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों आपस में मित्र हैं और आर्थिक तंगी के चलते रुपये की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लूटे गए मंगलसूत्र को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
मामले में साक्ष्य और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, सर्विलांस टीम और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त भूमिका रही।

Post a Comment