Top News

बिखरते रिश्तों को मिला नया सहारा, 'साथ-साथ कार्यक्रम' में पांच परिवारों का हुआ पुनर्मिलन

 


संतकबीरनगर । पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत संचालित "साथ-साथ कार्यक्रम" के तहत रविवार को परिवार परामर्श केंद्र (पिंक बूथ), सर्किल खलीलाबाद में पांच पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से सफल निस्तारण कराया गया। काउंसलिंग के माध्यम से टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों को दोबारा साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया।

पिंक बूथ प्रभारी सुमन मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित परामर्श सत्र में काउंसलर सदस्य रिफातुल्लाह अंसारी, प्रमोद त्रिपाठी तथा महिला आरक्षियों की मौजूदगी में कुल पांच मामले सुनवाई के लिए आए। सभी मामलों में पति-पत्नी के बीच वैचारिक मतभेद और पारिवारिक विवाद उत्पन्न हो गए थे, जिसके चलते रिश्तों में तनाव बढ़ गया था।

परामर्शदाताओं ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें धैर्यपूर्वक समझाते हुए संवाद और आपसी विश्वास का महत्व बताया। सकारात्मक काउंसलिंग के बाद सभी पांचों दंपतियों ने आपसी सहमति से अपने मतभेद समाप्त कर साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद सभी मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कर दिया गया।

पुलिस का यह प्रयास केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित "साथ-साथ कार्यक्रम" पारिवारिक विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले संवाद और समझदारी के माध्यम से सुलझाने का प्रभावी मंच बन रहा है। इससे न केवल परिवारों का विघटन रुक रहा है, बल्कि समाज में सौहार्द और विश्वास का वातावरण भी मजबूत हो रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume