लखनऊ/पटना। मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए ताजिया जुलूस के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में हिंसा, पथराव, मारपीट और तलवारबाजी की घटनाएं सामने आईं। विभिन्न स्थानों पर हुए विवादों में कई लोग तथा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अररिया में पथराव के बाद मची अफरा-तफरी
बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में ताजिया जुलूस के दौरान कथित तौर पर असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने से भगदड़ मच गई। इसके बाद विभिन्न अखाड़ों के लोगों के बीच मारपीट और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मुहर्रम कमेटी ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
भागलपुर में दो अखाड़ों के बीच खूनी संघर्ष
भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र में ताजिया जुलूस के दौरान राजपुर और फतेहपुर अखाड़ों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। हंगामे के दौरान एक डीजे वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
समस्तीपुर में पुलिस पर हमला
समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र के रामनगर और नागर बस्ती गांव में ताजिया जुलूस के दौरान हिंसक झड़प में भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस दौरान आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने अतिरिक्त बल और मजिस्ट्रेट तैनात कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
चंदौली में तलवारबाजी, दो गंभीर घायल
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते ताजिया जुलूस के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से तलवारबाजी और मारपीट हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने सभी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों से शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हिंसा फैलाने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी घटनाओं की जांच जारी है।

Post a Comment