Report and edited by-Mohammad Sayeed
बस्ती। परिवारों में बढ़ते वैवाहिक विवादों को संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाने की दिशा में बस्ती पुलिस की पहल "ऑपरेशन साथ-साथ – टूटते परिवारों को जोड़ने की एक पहल" लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है। इसी क्रम में महिला थाना बस्ती पुलिस टीम ने सराहनीय प्रयास करते हुए अलग-अलग कारणों से एक-दूसरे से अलग रह रहे 9 पति-पत्नी के बीच सुलह कराकर उनके परिवारों को पुनः एक साथ रहने के लिए राजी किया।
महिला थाना में लंबित पारिवारिक विवादों की सुनवाई के दौरान पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इसके बाद धैर्यपूर्वक काउंसलिंग कराई गई और आपसी संवाद के माध्यम से मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया। पुलिस की समझाइश और परिवार के महत्व को लेकर दिए गए परामर्श का सकारात्मक प्रभाव पड़ा, जिसके परिणामस्वरूप सभी नौ दंपतियों ने अपने पुराने मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि "ऑपरेशन साथ-साथ" का उद्देश्य केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे परिवारों को टूटने से बचाना भी है, जहां संवाद और समझदारी के माध्यम से रिश्तों को फिर से मजबूत किया जा सकता है। यह अभियान सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और बच्चों सहित पूरे परिवार के हितों की रक्षा के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
महिला थाना पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ अनावश्यक न्यायिक विवादों को भी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी "ऑपरेशन साथ-साथ" के तहत वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने के लिए काउंसलिंग और मध्यस्थता की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को बिखरने से बचाया जा सके।

Post a Comment