Top News

हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, धनघटा पुलिस ने गोरखपुर से दबोचा


(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को थाना धनघटा पुलिस ने गोरखपुर जनपद से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने थाना धनघटा में दर्ज मुकदमा संख्या 347/2026 में वांछित अभियुक्त गोरखनाथ पुत्र हरिभजन, निवासी औराडाड़, थाना धनघटा को सोनबरसा (जनपद गोरखपुर) के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को शेषनाथ कसौधन ने थाना धनघटा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 29 मई को उनके भाई मारखण्डे सामान की आपूर्ति कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम बजरा और तिघरा के बीच पुरानी पट्टीदारी की रंजिश को लेकर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और डंडों से मारखण्डे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनके सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

अभियान के तहत लगातार कार्रवाई

जांच के दौरान घटना में संलिप्त अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में धनघटा पुलिस ने उसे गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके विरुद्ध भी आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

अभियुक्त की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक रबिन्द्र सिंह यादव, कांस्टेबल जितेन्द्र यादव तथा महिला कांस्टेबल नेहा दूबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी अभियुक्त को बख्शा नहीं जाएगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume