(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संतकबीरनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र ने थाना धनघटा एवं थाना महुली की संयुक्त समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में थानों की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं नोटिसों की तामील, सीएम डैशबोर्ड, ई-समन, साइबर अपराधों की रोकथाम, जनसुनवाई और कम्युनिटी पुलिसिंग की प्रगति का आकलन किया गया। क्षेत्राधिकारी ने सभी मामलों में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यात्रा मार्गों की सुरक्षा, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार संचालन तथा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
सीओ अभयनाथ मिश्र ने थाना प्रभारियों से स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मंदिर प्रबंधन समितियों और स्वयंसेवी संगठनों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि किसी भी स्थिति का समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों को प्रत्येक ड्यूटी स्थल पर अनुशासन, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ तैनात रहने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आमजन और श्रद्धालुओं के प्रति पुलिस का व्यवहार विनम्र, सहयोगात्मक और विश्वासपूर्ण होना चाहिए, जिससे पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन की प्राथमिकताओं एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।

Post a Comment