(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद के सभी थानों की पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संवाद स्थापित किया गया।
सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और विद्यालयों के आसपास पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। इस दौरान महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के तहत थाना महुली पुलिस ने ग्राम मड़हाजोत, थाना धनघटा पुलिस ने प्रसादपुर, थाना मेंहदावल पुलिस ने तहसील एवं रोडवेज परिसर मेंहदावल तथा थाना धर्मसिंहवा पुलिस ने गोरीराई, सिकरी और धर्मसिंहवा क्षेत्रों में महिलाओं, बालिकाओं एवं स्कूली छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया।
इस अवसर पर महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने चौपाल शैली में संवाद आयोजित कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों तथा हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्हें निडर होकर अपनी बात रखने और किसी भी प्रकार के अन्याय या उत्पीड़न के विरुद्ध तत्काल आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

Post a Comment