(Report- Radheshyam Yadav: adited by Mohammad Sayeed Pathan)
गोरखपुर । जनपद के सहजनवां तहसील समाधान दिवस में गांव समाज की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत और राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बावजूद अब तक कब्जा नहीं हटाया गया। अब उन्होंने उपजिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
हमारे रिपोर्टर राधेश्याम के अनुसार मामला सहजनवां तहसील क्षेत्र के बूदहट गांव का है। यहां के निवासी हरिश्चन्द्र पुत्र लालदेव और राधेश्याम पुत्र राजदेव ने संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में कहा गया है कि गांव समाज की गाटा संख्या 1066, जो खलिहान और खाद गड्ढे के लिए दर्ज है, उस पर वर्षों से अवैध कब्जा किया गया है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने और लेखपाल की रिपोर्ट आने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ितों ने प्रशासन से भूमि का निष्पक्ष सीमांकन कराने, जांच कराकर अवैध कब्जा हटाने और सरकारी भूमि को मुक्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि गांव समाज की भूमि पर कब्जे के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपजिलाधिकारी केसरी नंदन तिवारी ने कहा "मामला संज्ञान में आया है। टीम गठित कर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।"
अब देखना होगा कि समाधान दिवस में उठी इस शिकायत पर प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और गांव समाज की भूमि से कथित अवैध कब्जा हटाने की मांग कब तक पूरी होती है।



Post a Comment