Top News

संपत्ति संबंधी अपराधों की लंबित विवेचनाओं पर एसपी सख्त, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश


(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जनपद में संपत्ति संबंधी अपराधों की लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर पुलिस लाइन सभागार में अर्दली रूम आयोजित कर विवेचकों की समीक्षा की। बैठक में लंबित मामलों की प्रगति पर बिंदुवार चर्चा करते हुए उन्होंने निष्पक्ष, वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र सहित संपत्ति संबंधी अपराधों की विवेचना कर रहे सभी विवेचक, अपराध शाखा के कर्मचारी, हेड पेशी तथा संबंधित थानों के हेड मुहर्रिर उपस्थित रहे।


समीक्षा के दौरान डकैती, लूट, छिनैती, नकबजनी, वाहन चोरी एवं अन्य चोरी के मामलों की लंबित और आंशिक विवेचनाओं की प्रकरणवार समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक मामले में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली और निर्देशित किया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना करते हुए सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी शेष है, उनमें प्रभावी कार्रवाई कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने सर्किल के थानों में संपत्ति संबंधी अपराधों की नियमित समीक्षा करें तथा प्रत्येक लंबित प्रकरण का अद्यतन विवरण तैयार रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।


बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लंबित विवेचनाओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण से अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होगी तथा आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा। साथ ही सभी विवेचकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर विवेचनाएं पूरी कर न्यायालय में प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume