Report - Mohammad Sayeed Pathan Editor Mission Sandesh Hindi News Paper
संत कबीर नगर। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में न्यायालय सभागार में नोडल अधिकारी/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कृष्ण कुमार-V की अध्यक्षता में जनपद के विभिन्न बैंकों के प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक ऋण वसूली से संबंधित अधिक से अधिक लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी कृष्ण कुमार-V ने सभी बैंक प्रमुखों से कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए अभी से प्रभावी स्तर पर कार्यवाही शुरू की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि बैंक ऋण वसूली से संबंधित ऐसे अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित किया जाए, जिनका निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से संभव है। इसके लिए संबंधित पक्षकारों से समन्वय स्थापित कर मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति देने को कहा गया।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सभी बैंकों के बकायेदारों से संबंधित समन समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर के कार्यालय में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें संबंधित थानों के माध्यम से बकायेदारों तक समय से तामील कराया जा सके। इससे लोक अदालत में पक्षकारों की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराया जा सकेगा।
इस दौरान अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि जनपद के समस्त बैंकों की ओर से संबंधित मामलों के समन तैयार किए जा रहे हैं। समन को पक्षकारों तक प्रेषित करने की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक ऋण वसूली के मामलों को निस्तारित कराया जा सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने भी बैंक प्रमुखों को निर्देशित किया कि लोक अदालत के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर उनके निस्तारण के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को लंबित मामलों के त्वरित और सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
बैठक में जनपद के विभिन्न बैंकों के प्रमुख एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Post a Comment