Top News

डूडा की योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश



(Report by- Mohammad Sayeed Pathan Editor Mission Sandesh)

संत कबीर नगर,। जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

पीएम स्वनिधि योजना में आवेदन बढ़ाने के निर्देश

बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक पात्र लोगों के ऋण आवेदन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नामित कर आवेदकों को बैंकों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवेदन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।

आवास योजना के लंबित आवेदनों की जांच जल्द पूरी करने पर जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 की समीक्षा के दौरान डीएम ने जांच कमेटी के स्तर पर लंबित आवेदनों की पात्रता जांच जल्द पूरी कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जांच के बाद पात्र आवेदनों की रिपोर्ट डूडा कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्र आवेदकों को आवास योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

निर्माण कार्यों में देरी पर निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित सहायक अभियंता और अवर अभियंताओं को जारी कार्यादेश के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश, अपर उप जिलाधिकारी/परियोजना अधिकारी डूडा सुधीर कुमार, शहर कार्यक्रम प्रबंधक ज्ञानेन्द्र शुक्ला सहित नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में दिए गए निर्देशों का मुख्य फोकस लंबित आवेदनों की जांच, बैंक ऋण प्रक्रिया में तेजी और स्वीकृत निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा कराने पर रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh