महिला अपराधों की विवेचनाओं में लापरवाही पर सख्त एसपी, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
(Report - Mohammad Sayeed journalist)
संतकबीरनगर । जनपद में महिला अपराधों से जुड़े मामलों की लंबित विवेचनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित ओआर (ऑर्डरली रूम) के दौरान उन्होंने सभी थानों के विवेचकों की समीक्षा बैठक कर लंबित मामलों पर गहन चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला अपराध से संबंधित लंबित अभियोगों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि बिना ठोस कारण के विवेचनाओं को लंबित रखना कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसपी ने कहा कि विवेचना केवल औपचारिकता न होकर साक्ष्यों के वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर की जाए, ताकि दोषियों को न्यायालय से कड़ी सजा दिलाई जा सके। उन्होंने महिला अपराधों में वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, फॉरेंसिक व डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग और गवाहों के निष्पक्ष बयान दर्ज करने के निर्देश दिए।
साथ ही न्यायालय में विचाराधीन मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि विवेचना में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित विवेचक के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “महिला सुरक्षा और सम्मान प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
बैठक में क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र, क्षेत्राधिकारी अजय सिंह, क्षेत्राधिकारी सरोज शर्मा, रीडर वाचक रामआशीष यादव, पीआरओ मनीष जायसवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#SantKabirNagar #UPPolice #MahilaSuraksha #ZeroTolerance #CrimeControl



Comments
Post a Comment