Top News

संतकबीरनगर मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज: 8 नए मतदान केंद्र बनेंगे, 75 का होगा पुनर्संयोजन


संतकबीरनगर। आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और मतदान केंद्रों के पुनर्संयोजन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन, मतदाता सुविधा और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का विभाजन कर नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रस्तावित मतदान केंद्रों की आलेख्य सूची 4 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्संयोजन में विशेष ध्यान रखा गया है कि किसी भी परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों पर न जाएं। इसके साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर न्यूनतम 300 और अधिकतम 1200 मतदाता रखने का मानक अपनाया गया है।

बैठक में यह भी बताया गया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप रैंप, पेयजल, शौचालय, विद्युत, कुर्सी और मेज जैसी मूलभूत सुविधाएं (एएमएफ) उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि सभी मतदाता, विशेषकर दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक, बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 8 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि मतदाताओं की संख्या कम होने के कारण 75 मतदान केंद्रों का अन्य केंद्रों में समायोजन किया गया है। इसके बाद जनपद में संभावित कुल 1551 मतदान केंद्र होंगे।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे और निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं मतदाता हितैषी बनाने पर जोर दिया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume