(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत संचालित "साथ-साथ कार्यक्रम" (टूटते परिवारों को जोड़ने की पहल) के अंतर्गत धनघटा सर्किल स्थित पिंक बूथ परिवार परामर्श केंद्र ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों को नई मजबूती देने का कार्य किया। रविवार को आयोजित परामर्श सत्र में सात पारिवारिक विवादों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता कराया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित किया गया। पिंक बूथ परिवार परामर्श केंद्र पर आयोजित इस सत्र में पिंक बूथ प्रभारी उपनिरीक्षक अंजली सरोज, सहायक प्रभारी उपनिरीक्षक तूफानी सिंह यादव, महिला कांस्टेबल पूजा गौतम, पिंकी कुमारी तथा काउंसलर अवध नारायण मिश्र की उपस्थिति में पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई।
परामर्श के दौरान पति-पत्नी और परिवारों के बीच उत्पन्न मतभेदों के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे सात रिश्तों को संवाद, समझाइश और काउंसलिंग के माध्यम से नया जीवन मिला। सभी मामलों में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से अपने मतभेद समाप्त करते हुए भविष्य में सौहार्दपूर्ण वातावरण में साथ रहने का संकल्प लिया।
संवाद और काउंसलिंग से मजबूत हो रहे रिश्ते
परिवार परामर्श केंद्र में पहुंचे मामलों में अधिकांश विवाद आपसी गलतफहमी, संवादहीनता और घरेलू तनाव से जुड़े थे। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को एक-दूसरे की भावनाओं और जिम्मेदारियों को समझाया गया, जिसके बाद सभी परिवारों ने समझौते पर सहमति जताई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि "साथ-साथ कार्यक्रम" का उद्देश्य केवल विवादों का समाधान करना नहीं, बल्कि टूटते परिवारों को जोड़कर सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करना है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी हैं।
सामाजिक विश्वास बढ़ाने की पहल
धनघटा पिंक बूथ परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल को स्थानीय स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। पुलिस का मानना है कि न्यायालयी प्रक्रिया से पहले संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से विवादों का समाधान न केवल परिवारों को टूटने से बचाता है, बल्कि समाज में विश्वास, शांति और सौहार्द का वातावरण भी मजबूत करता है। जनपद में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ऐसे जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम आगे भी निरंतर संचालित किए जाएंगे।

Post a Comment