संतकबीरनगर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संतकबीरनगर पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में संचालित सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को खलीलाबाद क्षेत्र के सरदार पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैरमपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक योगेंद्र चौहान, प्रधानाचार्या संगीता चौधरी, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। यातायात पुलिस की ओर से प्रभारी यातायात परमहंस, मुख्य आरक्षी अयोध्या साहनी, मुख्य आरक्षी आनंद मोहन सिंह तथा आरक्षी सौरव उपाध्याय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी यातायात परमहंस ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी सी सावधानी और जिम्मेदारी से रोका जा सकता है। उन्होंने छात्रों से भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने और स्वयं नियमों का पालन करने का आह्वान किया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ट्रैफिक सिग्नलों और संकेतकों का सम्मान करने की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों, ज़ेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने माता-पिता, अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होगा तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने संतकबीरनगर पुलिस के इस जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
संतकबीरनगर पुलिस की अपील:
"यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है।"

Post a Comment