(Edited by- Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संतकबीरनगर पुलिस ने जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को सुरक्षा संबंधी कानूनों, सरकारी योजनाओं और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत जनपद के सभी थानों की पुलिस एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। साथ ही ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीण महिलाओं से संवाद स्थापित किया गया और उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर क्राइम पोर्टल के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध या अन्य आपराधिक घटना होने पर बिना किसी झिझक के इन सेवाओं का उपयोग करें।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने नवीन मंडी, सरैया बाईपास और गोला बाजार में लोगों को जागरूक किया। महिला थाना पुलिस ने मेंहदावल बाईपास पर महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद स्थापित किया। थाना महुली पुलिस ने ग्राम किशुनपुर, थाना मेंहदावल पुलिस ने नायक टोला एवं नगर पंचायत तिराहा तथा थाना धर्मसिंहवा पुलिस ने हरैया, मुसहरा और सिंगहा गांवों में महिलाओं, बालिकाओं एवं स्कूली छात्राओं को जागरूकता पंपलेट वितरित किए।
महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के अन्याय, उत्पीड़न या अपराध के विरुद्ध निडर होकर आवाज उठाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं की सहायता लें।
संतकबीरनगर पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं को सुरक्षा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना भी है। जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।




Post a Comment