Report - Sayeed Pathan Editor mission Sandesh Hindi News Paper
मिशन संदेश संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए घर से नाराज होकर भटक गई करीब 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद कर उसकी माता के सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस की मानवीय कार्यशैली और बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पुलिस के अनुसार 30 अगस्त 2026 को सूचना मिली कि गोला बाजार स्थित शिव मंदिर के सामने एक बर्तन की दुकान पर एक नाबालिग बच्ची बैठी हुई है, जो अपने घर का पता और रास्ता भूल गई है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया।
पुलिस कर्मियों ने बच्ची से सहानुभूतिपूर्वक बातचीत करते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई। संवेदनशील पूछताछ के आधार पर उसके परिजनों की पहचान की गई और तत्काल उन्हें सूचना देकर थाने से समन्वय स्थापित किया गया। इसके बाद बच्ची को सकुशल उसकी माता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने संतकबीरनगर पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य केवल गुमशुदा अथवा भटके बच्चों को तलाशना ही नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित वातावरण में उनके परिवार से पुनर्मिलन कराना भी है। खलीलाबाद पुलिस की यह कार्रवाई इसी उद्देश्य को साकार करती हुई एक सराहनीय मानवीय पहल के रूप में सामने आई है।

Post a Comment