Report- Mohammad Sayeed Pathan Editor Mission Sandesh Hindi News Paper
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने 31 अगस्त 2026 को थाना बखिरा परिसर में सर्किल मेंहदावल के थाना प्रभारियों एवं विवेचकों के साथ अर्दली रूम आयोजित कर पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
अर्दली रूम में थाना मेंहदावल, थाना बखिरा, थाना बेलहरकला एवं थाना धर्मसिंहवा के थाना प्रभारी तथा थानों पर नियुक्त समस्त विवेचक शामिल रहे। क्षेत्राधिकारी ने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उनके लंबित रहने के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना उचित कारण किसी भी विवेचना को लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक मामले का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
क्षेत्राधिकारी मेंहदावल ने विवेचकों को चेतावनी देते हुए कहा कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीन नियुक्त विवेचकों की विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करें और लंबित मामलों के निस्तारण की लगातार निगरानी रखें।
बैठक के दौरान जनशिकायतों की सुनवाई, प्रार्थना पत्रों की जांच एवं विधिक निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित एवं नियमानुसार समाधान कराया जाए।
अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा
अर्दली रूम में केवल विवेचनाओं की स्थिति ही नहीं, बल्कि सर्किल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और पुलिस कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को अपराधियों के सत्यापन में तेजी लाने तथा क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ई-सम्मन, बीट सूचना, ई-साक्ष्य (SID), धारा 292/34 पी एक्ट, IGRS, जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों का निस्तारण, मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) के तहत कार्रवाई, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी तथा IIF-1 से IIF-10 तक की प्रगति की भी बिंदुवार समीक्षा की गई।
आमजन से शालीन व्यवहार के निर्देश
क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन के साथ सौम्य, शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस विभाग की इस समीक्षा का उद्देश्य लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने के साथ-साथ पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, निष्पक्ष एवं जनोन्मुख बनाना रहा। अब देखना होगा कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना प्रभाव दिखाई देता है और लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण की गति कितनी तेज होती है।

Post a Comment