Top News

फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने वाला आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार


(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)

संतकबीरनगर। कूटरचित एवं भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर फर्जी तरीके से पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने के मामले में संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) के आधार पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली खलीलाबाद में वर्ष 2023 में दर्ज मु.अ.सं. 215/2023 के तहत आरोपी विजय शुक्ला पुत्र महेंद्र शुक्ला, निवासी इमिलडीहा, थाना कोतवाली खलीलाबाद (स्थायी पता- मोरवन, थाना रामकोला, जनपद कुशीनगर) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के समकक्ष तत्कालीन भारतीय दंड संहिता की धाराओं 419, 420, 467, 468, 471, 120-बी, पासपोर्ट अधिनियम-1967 की धारा 12 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-1988 की धारा 8/13 के तहत मुकदमा दर्ज है।

मामले में आरोपी के विरुद्ध पूर्व में लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था। इसी क्रम में 9 जुलाई 2026 को इमिग्रेशन विभाग, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली से ई-मेल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि विदेश से लौटने पर आरोपी को एलओसी के आधार पर हिरासत में ले लिया गया है।

सूचना मिलते ही थाना कोतवाली खलीलाबाद से उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव एवं कांस्टेबल दुर्गेश कुमार न्यायिक अभिरक्षा रिमांड प्राप्त करने के लिए दिल्ली रवाना हुए। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम ने इमिग्रेशन अधिकारियों से आरोपी को अपने कब्जे में लेकर गिरफ्तार किया और शुक्रवार को उसे संतकबीरनगर लेकर पहुंची।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फर्जी दस्तावेजों के सहारे सरकारी अभिलेख तैयार कराने और पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने जैसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जा रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की विवेचना के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume