(Report and edited by-Mohammad Sayeed Pathan)
संतकबीरनगर। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत थाना दुधारा पुलिस ने दुष्कर्म एवं अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर मामले में वांछित आरोपी को घटना के तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महिला सुरक्षा अभियान की प्रभावी पहल माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप प्रजापति पुत्र जवाहिर प्रजापति, निवासी पकड़ी अराजी डिबहारी, थाना दुधारा, को शुक्रवार को पकड़ी अराजी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 7 जुलाई 2026 को थाना दुधारा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना दुधारा में मु.अ.सं. 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 115(2), 352, 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 67-ए के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। तकनीकी जांच एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की गई और तीन दिनों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनिल मिश्रा, हेड कांस्टेबल राजेश प्रसाद तथा कांस्टेबल गुड्डू यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे मामलों में त्वरित विवेचना, साक्ष्य आधारित कार्रवाई और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

Post a Comment