Top News

संतकबीरनगर को मुख्यमंत्री ने दी ₹684 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, विधायक अंकुर राज तिवारी बोले—विकास के नए अध्याय की शुरुआत



(Report Mohammad Sayeed Pathan journalist)

संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संतकबीरनगर आगमन पर मंगलवार को जिले को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिली। खलीलाबाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खलीलाबाद और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए ₹684 करोड़ से अधिक की लागत वाली 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, लैपटॉप एवं प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को लेकर खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संतकबीरनगर आगमन जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है।


विधायक ने कहा कि ₹684 करोड़ से अधिक की 201 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास संतकबीरनगर के विकास को नई गति देगा। इन परियोजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

अंकुर राज तिवारी ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का संतकबीरनगर की पावन धरती पर आगमन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। आज जिले को मिली विकास परियोजनाओं की यह सौगात मुख्यमंत्री जी की संतकबीरनगर के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। खलीलाबाद और मेंहदावल क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों लाभार्थियों को चेक, लैपटॉप और प्रमाण-पत्र वितरित किए जाने से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र लोगों तक पहुंचने का संदेश गया है।

कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भीड़ को लेकर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रति लोगों का उत्साह और विश्वास इस बात का प्रमाण है कि जनता सरकार की विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का ओजस्वी संबोधन कार्यकर्ताओं और आमजन में नई ऊर्जा का संचार करने वाला रहा।


मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान संतकबीरनगर की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के बीच विकास परियोजनाओं को लेकर भी चर्चा तेज रही। 201 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास जिले के लिए बड़ा विकास पैकेज माना जा रहा है। अब इन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतारना प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने अहम चुनौती होगी।

कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और मुख्यमंत्री के संबोधन ने जिले में विकास को लेकर सियासी माहौल को भी गरमा दिया। विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि सरकार विकास की जिस गति के साथ आगे बढ़ रही है, उसका लाभ आने वाले समय में संतकबीरनगर के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को मिलेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि “आज संतकबीरनगर विकास, जनकल्याण और सुशासन के नए अध्याय का साक्षी बना है। यह दिन जिलेवासियों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।”

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh