Top News

Santkabir Nagar News: मगहर में 1 नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सेवा एवं सहायता शिविर


  • संतकबीरनगर में अधिकारियों की बैठक, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश

Report by- Mohammad Sayeed Pathan Editor Mission Sandesh 

संतकबीरनगर,। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में आगामी 1 नवंबर 2026 को संत कबीर अकादमी, मगहर में मेगा विधिक सेवा एवं सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंद्र मोहन श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विभागों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को पहले से चिह्नित कर लें, ताकि शिविर में उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने पर जोर दिया।

शिविर में समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बाल विकास, चिकित्सा, पशुपालन, डूडा और प्रोबेशन सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल एवं सहायता कैंप लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, एसडीएम धनघटा वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को शिविर के सफल आयोजन के लिए समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Mission Sandesh
Mission Sandesh