(रिपोर्ट सईद पठान)
मिशन संदेश संतकबीरनगर। भाई-बहन के पवित्र प्रेम के प्रतीक रक्षा बंधन और भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जहां एक ओर घर-घर में उत्सव का माहौल था, वहीं दूसरी ओर मेहदावल विधानसभा क्षेत्र में एक अनोखी पहल देखने को मिली। रविवार को ‘हर घर उजाला’ कार्यक्रम के तहत मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने अपनी विधायक निधि से इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन और ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पत्रकारों एवं पदाधिकारियों को निःशुल्क सोलर लाइट प्रमाण पत्र प्रदान किए।
यह पहल न केवल क्षेत्र के पत्रकारों के लिए राहत और सहयोग का प्रतीक बनी, बल्कि यह भी दर्शाया कि जनप्रतिनिधि अगर चाहें तो समाज के हर वर्ग के लिए सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने विधायक की सराहना करते हुए कहा कि, “उत्तर प्रदेश में संभवतः यह पहला अवसर है जब किसी विधायक ने पत्रकारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस तरह की पहल की हो।”
विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज की आंख और कान होते हैं। वे कठिन परिस्थितियों में भी लोगों तक सही और समय पर सूचना पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में उनका सम्मान और सुविधा दोनों ही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले पत्रकारों को जल्द ही सोलर लाइट उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे उनकी दैनिक कार्यप्रणाली में सुविधा होगी और बिजली कटौती जैसी समस्याओं में राहत मिलेगी।
रक्षा बंधन और जन्माष्टमी जैसे त्यौहारों के बीच आया यह कार्यक्रम एक भावनात्मक संदेश भी देता है — जैसे रक्षा बंधन भाई को बहन की रक्षा का संकल्प दिलाता है, वैसे ही जनप्रतिनिधियों का यह कर्तव्य है कि वे समाज के हर वर्ग, विशेषकर उन लोगों के हितों की रक्षा करें जो निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा में लगे रहते हैं।
यह पहल केवल एक सोलर लाइट देने का कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि यह विश्वास और सहयोग की एक नई किरण है, जो मेहदावल क्षेत्र के पत्रकारों के जीवन में स्थायी उजाला भरने का काम करेगी।
इस मौके पर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष इंद्रजीत शुक्ल, जिला अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पांडेय उपाध्यक्ष सुनील कुमार यादव, वरिष्ठ पत्रकार अजीत नाथ मिश्र, डीडी मिश्र, विकाश अग्रहरि, ग्रामीण प्रकार एसोसिएशन के जिला संतकबीर नगर के अध्यक्ष सौरभ त्रिपाठी, सहित तमाम पत्रकार उपस्थित रहे।

Post a Comment