लखनऊ । UP में चुनावी नतीजों से पहले EVM को लेकर प्रदेशभर में हंगामा मचा हुआ है। इस बीच वाराणसी में बड़ी कार्रवाई हुई है। स्ट्रांग रूम के बाहर गाड़ी में EVM मिलने के मामले में EVM प्रभारी ADM नलिनीकांत सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। इससे पहले डीएम और कमिश्नर को हटाए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में शासन ने इनकार कर दिया।
वाराणसी में मंगलवार रात EVM को लेकर 8 घंटे बवाल हुआ था। 300 नेताओं-कार्यकर्ताओं के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। उधर, सोनभद्र के SDM रमेश कुमार को भी हटा दिया गया है। उनकी गाड़ी में बैलेट पेपर मिलने को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। आजमगढ़ जिले में पूर्व बाहुबली सांसद रमाकांत यादव मतगणना केंद्र पर लाठी लेकर बैठे हैं।
आगरा में भी स्ट्रांग रूम के बाहर एक प्राइवेट गाड़ी में रखे सूटकेस में छेनी, हथौड़ा मिले हैं। हालांकि गाड़ी किसकी है? यह भी साफ नहीं हुआ है। मंडी समिति के गेट पर सपा कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त हंगामा किया। सपाइयों का आरोप है कि स्ट्रांग रूम में कुछ गड़बड़ी की गई है। हालांकि प्रशासन का कोई अधिकारिक बयान अभी नहीं आया है। मतगणना स्थल पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद हैं।